Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img

ऑटो सेक्टर में नए युग की शुरुआत, टोयोटा ने पेश की देश की पहली E85 फ्लेक्स-फ्यूल हाइब्रिड इनोवा, कीमत 19.99 लाख से शुरू

पेट्रोल-डीजल की बढ़ती निर्भरता कम करने और स्वच्छ ईंधन को बढ़ावा देने की दिशा में भारत ने एक और कदम बढ़ाया है। टोयोटा किर्लोस्कर...
HomeLifestyleEntertainment4 दिसंबर को रिलीज से पहले फवाद-माहिरा की सीरीज पर बड़ा संकट,...

4 दिसंबर को रिलीज से पहले फवाद-माहिरा की सीरीज पर बड़ा संकट, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को याद दिलाई 2025 की एडवाइजरी

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को 2025 की एडवाइजरी का पालन करते हुए पाकिस्तानी सीरीज भारत में स्ट्रीम न करने को कहा है। फवाद-माहिरा की सीरीज पर AICWA ने भी विरोध जताया था।
पाकिस्तानी कलाकारों से सजी वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ की भारत में रिलीज को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। फवाद खान, माहिरा खान, हानिया आमिर और सनम सईद जैसे चर्चित सितारों वाली इस सीरीज पर अब सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने भी अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक, मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को 8 मई 2025 को जारी एडवाइजरी का पालन करने और पाकिस्तान में बनी फिल्मों व वेब सीरीज को भारत में स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध नहीं कराने को कहा है। ऐसे में 4 दिसंबर को प्रस्तावित सीरीज की रिलीज से पहले भारतीय दर्शकों के लिए इसकी उपलब्धता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
नेटफ्लिक्स को मंत्रालय ने क्या निर्देश दिया?
सूत्रों के अनुसार सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को जून 2025 में दी गई उसकी प्रतिबद्धता याद दिलाई है। दरअसल, पिछले साल जून में नेटफ्लिक्स ने मंत्रालय को बताया था कि उसने भारतीय सब्सक्राइबर्स के लिए पाकिस्तान में बनी कोई फिल्म या वेब सीरीज उपलब्ध नहीं कराई है। अब मंत्रालय ने प्लेटफॉर्म से इसी रुख पर कायम रहने और पहले दिए गए आश्वासन के अनुरूप काम करने को कहा है। मंत्रालय को पाकिस्तान में बनी वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ को भारत में रिलीज किए जाने की संभावनाओं को लेकर कई शिकायतें और आपत्तियां मिली थीं। इसके बाद नेटफ्लिक्स को 2025 की एडवाइजरी का पालन करने की बात कही गई है। हालांकि, नेटफ्लिक्स की ओर से अब तक यह आधिकारिक तौर पर स्पष्ट नहीं किया गया है कि यह सीरीज भारत में उपलब्ध होगी या नहीं।

AICWA ने प्रधानमंत्री मोदी को लिखा था पत्र
इससे पहले ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने भी सीरीज के भारत में प्रसारण का विरोध किया था। संगठन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मांग की थी कि ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ को भारतीय ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज या स्ट्रीम न होने दिया जाए। एसोसिएशन ने नेटफ्लिक्स इंडिया सहित सभी स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म से पाकिस्तानी फिल्मों, वेब सीरीज, गानों, पॉडकास्ट और अन्य मनोरंजन सामग्री का प्रसारण रोकने की अपील की थी। AICWA ने अपने पत्र में 8 मई 2025 को जारी सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की एडवाइजरी का हवाला भी दिया था। संगठन ने पुलवामा और पहलगाम आतंकी हमलों का जिक्र करते हुए पाकिस्तानी मनोरंजन सामग्री के प्रसारण पर आपत्ति जताई थी। साथ ही, इस तरह के कंटेंट पर स्थायी रोक लगाने और उल्लंघन करने वालों के लिए सख्त सजा का प्रावधान रखने वाला कानून बनाने की मांग भी की थी।

4 दिसंबर को रिलीज होनी है सीरीज
‘जो बचे हैं संग समेट लो’ नेटफ्लिक्स की पहली पाकिस्तानी ओरिजिनल सीरीज है। इसका निर्माण मोमिना दुरैद फिल्म्स के बैनर तले हुआ है और इसे नेटफ्लिक्स की मिडिल ईस्ट एवं नॉर्थ अफ्रीका टीम ने कमीशन किया है। यह फरहत इश्तियाक के साल 2013 में प्रकाशित इसी नाम के उर्दू उपन्यास पर आधारित है। इसकी कहानी तीन पीढ़ियों की छह प्रेम कहानियों के जरिए प्यार, बिछड़ने, माफी और रिश्तों की जटिलताओं को दिखाती है। सीरीज की कहानी पाकिस्तान और यूरोप में फैली है तथा इसकी शूटिंग रोम सहित कई जगहों पर हुई है। इसमें फवाद खान और माहिरा खान एक बार फिर साथ नजर आएंगे। इनके अलावा हानिया आमिर, सनम सईद, अहद रजा मीर, हमजा अली अब्बासी, बिलाल अशरफ, माया अली और इकरा अजीज सहित कई कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं। नेटफ्लिक्स ने सीरीज की वैश्विक रिलीज 4 दिसंबर 2026 तय की है।

भारत में रिलीज पर अभी भी सस्पेंस
सीरीज की अंतरराष्ट्रीय रिलीज की तारीख घोषित हो चुकी है, लेकिन भारतीय दर्शकों के लिए इसकी उपलब्धता को लेकर स्थिति साफ नहीं है। AICWA के विरोध और मंत्रालय की ओर से 2025 की एडवाइजरी का पालन करने के निर्देश के बाद नेटफ्लिक्स के सामने भारत में इसे स्ट्रीम करने का सवाल और अहम हो गया है। अब देखना होगा कि प्लेटफॉर्म इस मामले में क्या फैसला लेता है और क्या फवाद खान-माहिरा खान की यह सीरीज भारतीय दर्शकों तक पहुंच पाएगी।