पेट्रोल-डीजल की बढ़ती निर्भरता कम करने और स्वच्छ ईंधन को बढ़ावा देने की दिशा में भारत ने एक और कदम बढ़ाया है। टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने देश की पहली फ्लेक्स-फ्यूल हाइब्रिड इलेक्ट्रिक इनोवा हाइक्रॉस पेश की है। यह कार 85 प्रतिशत तक एथेनॉल मिले ईंधन से चल सकेगी।
अब देश की सड़कों पर ऐसी कार दौड़ने जा रही है, जो 85 फीसदी तक एथेनॉल मिले ईंधन से चल सकेगी। टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने बुधवार को देश की पहली फ्लेक्स-फ्यूल हाइब्रिड इलेक्ट्रिक इनोवा हाइक्रॉस पेश की। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और कंपनी के CEO मसाकाजु योशिमुरा ने नई दिल्ली में इसे लॉन्च किया। इस कार में एथेनॉल से चलने वाले इंजन के साथ हाइब्रिड तकनीक भी दी गई है। यानी यह जरूरत के मुताबिक इलेक्ट्रिक मोटर और बैटरी की मदद से भी चल सकती है।
E20 से E85 तक के ईंधन पर चलेगी कार
नई इनोवा की सबसे बड़ी खासियत इसका फ्लेक्स-फ्यूल इंजन है। यह E20 से लेकर E85 तक के एथेनॉल मिश्रित ईंधन पर चलने में सक्षम है। E85 ईंधन में 85 फीसदी एथेनॉल और बाकी 15 फीसदी पेट्रोल होता है। इससे देश में एथेनॉल के इस्तेमाल को बढ़ावा देने और पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता घटाने में मदद मिल सकती है। इसमें हाइब्रिड इलेक्ट्रिक तकनीक भी दी गई है। यह तकनीक कार को कुछ परिस्थितियों में इलेक्ट्रिक पावर पर चलने की सुविधा देती है। इससे ईंधन की खपत और उत्सर्जन कम करने में मदद मिल सकती है। हालांकि, वास्तविक माइलेज और बचत ड्राइविंग की स्थिति और इस्तेमाल किए जाने वाले ईंधन पर निर्भर करेगी।
1999 में CNG, 2001 में इलेक्ट्रिक कार का दौर
भारत में वैकल्पिक ईंधन वाली गाड़ियों का सफर नया नहीं है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद दिल्ली में 1999 से सीएनजी वाहनों का इस्तेमाल शुरू हुआ था। शुरुआती दौर में पेट्रोल कारों में बाहर से सीएनजी किट लगाई जाती थी। बाद में कंपनियों ने फैक्ट्री फिटेड सीएनजी मॉडल भी पेश किए। वहीं, मई 2001 में बेंगलुरु की कंपनी रेवा ने देश की पहली व्यावसायिक रूप से पेश की गई इलेक्ट्रिक कार लॉन्च की थी। अब फ्लेक्स-फ्यूल हाइब्रिड तकनीक के साथ ऑटो सेक्टर एक नए ऑप्शन की ओर बढ़ रहा है।
नई इनोवा में मिलेंगे कई आधुनिक फीचर्स
नई इनोवा हाइक्रॉस में डिजाइन के स्तर पर भी बदलाव किए गए हैं। इसमें नई फ्रंट ग्रिल, अपडेटेड LED हेडलाइट्स, नए बंपर और पीछे की लाइटिंग में बदलाव देखने को मिलते हैं। फीचर्स की बात करें तो इसमें 12.3 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और एप्पल कारप्ले, पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स और नौ स्पीकर वाला JBL ऑडियो सिस्टम दिया गया है। हाइब्रिड वेरिएंट में 12.3 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर भी मिलता है। कुछ वेरिएंट में दूसरी पंक्ति के लिए पावर्ड ऑटोमन सीट्स की सुविधा है।
₹19.99 लाख से शुरू है कीमत
नई इनोवा हाइक्रॉस फ्लेक्स हाइब्रिड की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 19.99 लाख रुपये रखी गई है। यह G Hybrid के 7 और 8 सीटर वेरिएंट में उपलब्ध है। GX Hybrid के 7 सीटर मॉडल की कीमत 23.99 लाख और 8 सीटर की 24.04 लाख रुपये है। वहीं, VX Hybrid के 7 और 8 सीटर मॉडल की कीमत क्रमशः 28.79 लाख और 28.84 लाख रुपये है। इसका टॉप ZX Hybrid 7 सीटर वेरिएंट 31.99 लाख रुपये में पेश किया गया है।


