ऋषिता कोठारी के बॉयफ्रेंड मृदुल मीना ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है और अविनाश मिश्रा-ईशा सिंह के ब्रेकअप में ऋषिता का नाम न घसीटने की अपील की है। उनका कहना है कि इस पूरे मामले से उनका या ऋषिता का कोई लेना-देना नहीं है।
बिग बॉस 18′ फेम अविनाश मिश्रा और ईशा सिंह का ब्रेकअप अब कन्फर्म हो चुका है। हाल ही में एक्टर अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपने वीडियो शेयर करते हुए ईशा सिंह से ब्रेकअप कन्फर्म किया और साथ ही ये भी कहा कि दोनों उनकी गलती की वजह से अलग हुए हैं। इससे पहले एक्ट्रेस के भाई ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर उनके और अविनाश मिश्रा के बीच की बातचीत का स्क्रीनशॉट साझा किया था और एक्टर की पोल खोली थी, जिसके बाद एक्टर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो शेयर करते हुए इस पूरे मुद्दे पर खुलकर बात की। इस बीच, अविनाश मिश्रा का नाम टीवी एक्ट्रेस ऋषिता कोठारी के साथ भी जोड़ा जाने लगा, जिसके बाद अब एक्ट्रेस के बॉयफ्रें मृदुल मीना ने उनका बचाव किया है। मृदुल ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर करते हुए सोशल मीडिया यूजर्स से इस पूरे विवाद में ऋषिता का नाम न घसीटने की अपील की है।
मृदुल मीना ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया पोस्ट
मृदुल मीना कई सालों से ऋषिता कोठारी को डेट कर रहे हैं और ये बात किसी से छिपी नहीं है। सोशल मीडिया पर दोनों अक्सर साथ में तस्वीरें भी शेयर करते हैं। ऐसे में जब ऋषिता का नाम अविनाश मिश्रा से जोड़ा जाने लगा तो मृदुल ने सामने आकर इन अफवाहों पर फुल स्टॉप लगा दिया है। उन्होंने अपने पोस्ट में लोगों से अपील की कि ऋषिता की पर्सनल लाइफ का सम्मान किया जाए और इस तरह उनका नाम किसी और के साथ न जोड़ा जाए।
क्या बोले मृदुल मीना?
मृदुल मीना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किए पोस्ट में लिखा- ‘आप सभी से मेरा विनम्र अनुरोध है, कृपया ऋषिता को इस पूरी कॉन्ट्रोवर्सी में न घसीटें। हमें इन सबमें शामिल न करें, क्योंकि इससे हमारा कोई लेना-देना नहीं है। हम सबकी पर्सनल लाइफ का सम्मान करते हैं और इस मामले पर चुप रहना बेहतर समझते हैं। कुछ फैन पेज ऋषिता को लेकर तरह-तरह की बातें बना रहे हैं और लोगों के बीच गलत बातें फैला रहे हैं। मैं फैन पेजों से गुजारिश करता हूं कि ये वेबजह की बात न बनाएं या किसी तरह की गलत धारणा न पालें। सभी की प्राइवेसी का सम्मान करें और हम सबको शांति से जीने दें। और कुछ भी हो जाए, मैं अपनी पार्टनर को अच्छे से जानता हूं। मैं हमेशा ऋषिता के साथ खड़ा रहूंगा और जररूत पड़ने पर उसका सपोर्ट करूंगा।
डीजे गिग में ‘बेवफा’ गाना बजाने पर ट्रोल हुए थे अविनाश मिश्रा
अविनाश मिश्रा और ईशा सिंह के बीच का विवाद तब चर्चा में आ गया, जब अविनाश मिश्रा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इस वीडियो में अविनाश डीजे गिग में ‘बेवफा निकली है तू’ गाना बजाते दिखे। इसके बाद उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। लोगों ने इसे ईशा सिंह से ब्रेकअप से जोड़ना शुरू कर दिया, जिसके बाद ईशा सिंह के भाई और रजत दलाल ने उन्हें निशाने पर ले लिया। इसके बाद ईशा सिंह ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर नाराजगी जताई, जिसके बाद अविनाश मिश्रा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर वीडियो शेयर करते हुए इस पूरे मामले पर सफाई दी और अपने और ईशा सिंह के ब्रेकअप पर भी बात की। अपने वीडियो में अविनाश ने कहा कि वह और ईशा उनकी गलती के चलते ही अलग हुए हैं।


