राहुल गांधी के नेतृत्व में हुई रैली को लेकर कांग्रेस और विपक्षी दलों ने दावा किया है कि रैली को जनता का भारी समर्थन मिला है। वहीं, दूसरी ओर भाजपा और उसके सहयोगी दलों ने राहुल गांधी की रैली को सुपर फ्लॉप बताया है और कहा है कि रैली के दौरान रामलीला मैदान 40 फीसदी खाली था।
SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर रविवार को दिल्ली के राम लीला मैदान में कांग्रेस के नेतृत्व में महारैली हुई। कांग्रेस ने दावा किया था कि इस रैली में 10 लाख लोग आएंगे। हालांकि, भाजपा ने इस रैली को फ्लॉप बताया और दावा किया कि रैली के दौरान 40 फीसदी रामलीला मैदान खाली रहा। कांग्रेस की इस रैली पर भाजपा समेत विभिन्न दलों के नेता लगातार निशाना साध रहे हैं। अब उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना यूबीटी के पूर्व प्रवक्ता और वर्तमान में एकनाथ शिंदे की शिवसेना के नेता आनंद दुबे ने भी राहुल गांधी की इस रैली को फ्लॉप शो बता दिया है।
रैली में 50 से 60 हजार लोग ही पहुंचे- आंनद दुबे
INDIA गठबंधन की रैली पर शिवसेना के प्रवक्ता आनंद दुबे ने कहा- “कल की रैली एक फ्लॉप शो रही। जो लोग 10 लाख लोगों के आने की बात कर रहे थे, वहां सिर्फ 50,000 से 60,000 लोग ही पहुंचे, और वह भी इतनी व्यापक तैयारियों के बाद। ये बड़ी रैलियां केवल अपने परिवारों, अपनी संपत्ति और अपने अस्तित्व को बचाने के लिए की जा रही हैं। ये लोकतंत्र को बचाने वाली रैलियां नहीं हैं
राहुल गांधी ने रैली में क्या कहा?
रामलीला मैदान में विपक्ष की महारैली में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह देश में लोकतंत्र और संविधान को खत्म कर रही है। राहुल गांधी ने कहा कि भारत में सालों के वोट चोरी हो रही है। 2024 का लोकसभा चुनाव अवैध था। राहुल गांधी ने कहा कि इस सरकार में किसानों और मजदूरों को उनका हक नहीं मिल रहा है। राहुल गांधी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी जमकर बरसे। राहुल गांधी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार को जेल जाना होगा। SIR के जरिए उन्होंने कोई मामूली चोरी नहीं की है, CEC ने देशद्रोह किया है।
मैदान का 40 फीसद हिस्सा खाली था- भाजपा
दूसरी ओर विपक्ष रैली पर भाजपा सांसद संबित पात्रा ने चुटकी लेते हुए कहा कि “राहुल गांधी और उनकी टीम ने रैली में 10 लाख लोगों के शामिल होने की बात कही थी। 10 लाख लोग कहां थे? रामलीला मैदान का 40 फीसद हिस्सा खाली था। 28 हजार कुर्सियों में से करीब 5 से 7 हजार कुर्सियां खाली पड़ी थीं। राहुल गांधी को समझना चाहिए कि पीएम ऐसे ही नहीं बना जा सकता है। उसके लिए मेहनत कर पसीना बहाना होता है। PM में P का मतलब पसीना और M का मतलब मेहनत होता है।”
विपक्षी दलों का झूठ एक्सपोज हो गया- गिरिराज सिंह
इंडिया अलायंस की रैली पर केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी बयान दिया है। उन्होंने कहा कि “विपक्षी दलों का झूठ एक्सपोज हो गया। उन लोगों ने रैली में 10 लाख लोगों के शामिल होने का ऐलान किया था लेकिन आधा रामलीला मैदान खाली था। राहुल गांधी की ‘अर्बन नक्सल’ वाली हरकत भी बेनकाब हो रही है। देश के युवाओं में राष्ट्रवाद भरा हुआ है। विपक्षी दल वोट चोरी का आरोप लगाते हैं लेकिन जनता चोरों को वोट देना बंद कर दी है।


