Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
HomeNewsभीलवाड़ा रेलवे स्टेशन के वार्ड नंबर 29 में छह महीने से दूषित...

भीलवाड़ा रेलवे स्टेशन के वार्ड नंबर 29 में छह महीने से दूषित पानी की सप्लाई, पीने के पानी में मिल रहा सीवरेज का पानी

शिकायतों के बावजूद जलदाय विभाग और नगर निगम ने नहीं की कार्रवाई, गंदा पानी पीने को मजबूर रहवासी, बीमारियों का खतरा बढ़ा तो लोगों ने प्रशासन से लगाई सुरक्षा की गुहार

भीलवाड़ा।शहर के रेलवे स्टेशन क्षेत्र स्थित वार्ड नंबर 29 में पेयजल व्यवस्था की बदहाल स्थिति ने स्थानीय रहवासियों की परेशानी बढ़ा दी है। यहां पिछले करीब छह महीने से घरों में दूषित पानी की सप्लाई होने का आरोप है। रहवासियों का कहना है कि पीने के पानी की पाइपलाइन में सीवरेज का गंदा पानी मिलकर आ रहा है। इसके चलते लोगों को स्वच्छ पेयजल के लिए भी तरसना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस गंभीर समस्या को लेकर पिछले कई महीनों से लगातार जलदाय विभाग और नगर निगम में शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। बार-बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

रहवासियों का कहना है कि घरों में आने वाला गंदा और बदबूदार पानी स्वास्थ्य के लिए खतरा बन रहा है। दूषित पानी के सेवन से उल्टी, दस्त, पेट संबंधी संक्रमण और अन्य जलजनित बीमारियों का खतरा बना हुआ है। परिवारों को चिंता सता रही है कि यदि समय रहते पेयजल व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो क्षेत्र में गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा हो सकती हैं।

सबसे बड़ी परेशानी यह है कि रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी लोगों को स्वच्छ पानी की व्यवस्था करने में मशक्कत करनी पड़ रही है। छह महीने से समस्या झेल रहे रहवासी अब खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन, नगर निगम और जलदाय विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि वार्ड नंबर 29 में पेयजल पाइपलाइन की तत्काल जांच कराई जाए। यदि सीवरेज का पानी पेयजल लाइन में मिल रहा है तो उसकी वजह का पता लगाकर तत्काल मरम्मत कराई जाए। साथ ही पानी के नमूनों की जांच करवाकर लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए।