पत्नी को लेने कई बार गांव पहुंचा, हर बार बहाने से लौटाने का आरोप; पुलिस और गांव के प्रधान पर भी लगाए गंभीर आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग
दिल्ली। सुल्तानपुरी क्षेत्र के किरारी सुलेमान नगर निवासी महेश कुमार के पुत्र ने अपनी पत्नी गुलाबी देवी और उसके परिजनों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पत्नी ने बिना तलाक लिए दूसरी शादी कर ली है। पत्नी को वापस लाने की कोशिश करने पर उसे धमकियां दी गईं। मामले में उसने न्यायालय का दरवाजा खटखटाने और सबूत पेश करने का दावा किया है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक उसकी शादी 26 जुलाई को गुलाबी देवी से हुई थी। शादी के बाद जब वह पत्नी को अपने साथ ले जाने के लिए उसके गांव पहुंचता था, तो कथित तौर पर पत्नी के परिजन कोई न कोई बहाना बनाकर उसे वापस भेज देते थे। पति का कहना है कि उसने कई बार पत्नी को साथ रखने की कोशिश की, लेकिन हर बार उसे निराश होकर लौटना पड़ा।
उसका आरोप है कि इसी दौरान करन नाम के व्यक्ति के फोन आने और पत्नी से बातचीत को लेकर विवाद शुरू हुआ। शिकायतकर्ता ने करन के पत्नी के संपर्क में होने और बाद में दोनों के संबंधों को लेकर संदेह जताया। पति का दावा है कि उसकी पत्नी ने बिना तलाक लिए दूसरी शादी कर ली, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि पत्नी को वापस लाने की कोशिश करने पर उसे जान से मारने की धमकियां दी गईं। उसके अनुसार करन ने गांव आने पर जान से मारने की धमकी दी, जबकि पत्नी के भाई पर भी गला काटने और जिंदा जलाने जैसी धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि इन धमकियों के कारण उसे और उसके परिवार को डर बना हुआ है।
शिकायत में पुलिस और गांव के प्रधान पर भी आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसने पहले पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन उचित कार्रवाई नहीं हुई। उसने पुलिसकर्मियों पर रिश्वत लेने का संदेह भी जताया है। कार्रवाई नहीं होने के बाद उसने न्यायालय में शिकायत की और मामले से जुड़े सबूत प्रस्तुत करने का दावा किया।
शिकायतकर्ता ने संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कथित रूप से धमकी देने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और न्याय दिलाने की मांग की है।
शिकायतकर्ता का पता महेश कुमार पुत्र, बी-49, गली नंबर 3, शीश महल एन्क्लेव, प्रेम नगर-3, किराड़ी सुलेमान नगर, सुल्तानपुरी सी ब्लॉक, उत्तर पश्चिमी दिल्ली, दिल्ली 110086 बताया गया है।


