Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
HomeLifestyleEntertainment'स्त्री 2' के बाद श्रद्धा कपूर ने क्यों चुनी 'ईठा'? एक्ट्रेस ने...

‘स्त्री 2’ के बाद श्रद्धा कपूर ने क्यों चुनी ‘ईठा’? एक्ट्रेस ने बताई फिल्म चुनने की वजह

स्त्री 2′ की शानदार सफलता के बाद अब श्रद्धा कपूर ने ‘ईठा’ में नजर आने वाली है। एक्ट्रेस ने बताया कि उन्होंने यह फिल्म क्यों चुनी है।
श्रद्धा कपूर ने ‘ईठा’ में काम करने के बारे में बात की है। यह लक्ष्मण उतेकर की आने वाली एक बायोपिक म्यूजिकल फिल्म है, जो तमाशा और लावणी की मशहूर कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर के जीवन से प्रेरित है। मुंबई में फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के दौरान एक्ट्रेस ने इस प्रोजेक्ट से जुड़ने के अनुभव अपने किरदार की तैयारी, फिल्म में कलाकारों और उनके संघर्षों को दिखाने के तरीके पर बात की। इस फिल्म में श्रद्धा ‘ईठा बाई’ के किरदार में नजर आएंगी। फिल्म महाराष्ट्र की तमाशा और लावणी परंपराओं की पृष्ठभूमि में इस मशहूर कलाकार के जीवन को दिखाती है। फिल्म की कास्ट में रणदीप हुड्डा, मोहम्मद जीशान अय्यूब, अनंत जोशी और सिद्धार्थ जाधव भी शामिल हैं। इस इवेंट में श्रद्धा ने निर्देशक लक्ष्मण उतेकर के उस फैसले के बारे में भी बात की, जिसमें उन्होंने ‘छावा’ की सफलता के बाद उसी तरह की कोई दूसरी ऐतिहासिक फिल्म बनाने के बजाय ‘ईठा’ को चुना।
श्रद्धा कपूर ने बताया ‘ईठा’ को चुनने का कारण
श्रद्धा ने कहा कि उन्हें ‘ईठा’ का हिस्सा बनने का मौका मिलने पर खुशी है। उन्होंने ‘छावा’ के बाद एक अलग विषय चुनने के लिए उतेकर की तारीफ भी की। उन्होंने कहा, ‘स्वाभाविक है कि मुझे बहुत खुशी है कि मुझे ऐसी फिल्म का हिस्सा बनने का मौका मिला। ‘छावा’ के बाद लक्ष्मण सर के लिए सबसे आसान काम यही होता कि वे एक और योद्धा वाली फिल्म बनाते, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। मैंने उनसे इस बारे में पूछा भी था तो उन्होंने कहा- मैं एक अलग दुनिया दिखाना चाहता हूं। मुझे लगता है कि उनका यह फैसला बहुत शानदार है।’

‘ईठा’ किसकी कहानी है
‘ईठा’ महाराष्ट्र की लोक-कला परंपरा और विठाबाई नारायणगांवकर के जीवन पर आधारित है। विठाबाई ‘तमाशा’ से जुड़ी सबसे जानी-मानी हस्तियों में से एक थीं। कला के क्षेत्र में अपने योगदान के लिए विठाबाई को 1957 और 1990 में राष्ट्रपति सम्मान मिला था। उनका जीवन और करियर मुख्य रूप से घूम-घूमकर किए जाने वाले प्रदर्शनों और ‘तमाशा’ से जुड़ा रहा। उन्होंने कई व्यक्तिगत और आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद अपनी कला का प्रदर्शन जारी रखा। उनके जीवन की एक ऐसी घटना है, जिसे लोग आज भी याद करते हैं। एक बार प्रदर्शन के दौरान उन्हें लेबर पेन शुरू हो गई। उन्होंने बैकस्टेज अपने बच्चे को जन्म दिया और कुछ ही देर बाद वापस आकर अपना प्रदर्शन दिया।
श्रद्धा कपूर के परिवार को है गर्व
श्रद्धा कपूर का कहना है कि उनके परिवार को उन पर गर्व होगा। श्रद्धा ने यह भी बताया कि उनका खुद का नाता कलाकारों के एक परिवार से है। उन्होंने इस बात पर भी चर्चा की कि कलाकारों पर बनी फिल्म का हिस्सा बनना उनके लिए क्यों इतना मायने रखता है। उन्होंने कहा, ‘जाहिर है उन्हें इस बात पर गर्व होगा कि मैं मराठी संस्कृति से जुड़ी किसी चीज का हिस्सा हूं। मैं इसे बहुत गहराई से महसूस करती हूं। उन्हें इस बात पर भी गर्व होगा कि मैं महाराष्ट्र और मराठी संस्कृति से जुड़े कलाकारों के बारे में हो रही इस चर्चा का हिस्सा हूं। मेरी बुआ एक कलाकार हैं, मेरे पिता एक कलाकार हैं और मैं भी एक कलाकार हूं।’ उन्होंने आगे कहा कि ‘ईठा’ उन संघर्षों को दिखाती है, जिनका सामना कलाकार अक्सर मंच के पीछे करते हैं।

लावणी की तैयारी पर श्रद्धा कपूर
श्रद्धा ने ‘ईठा’ में अपने किरदार और फिल्म के लिए लावणी सीखने की तैयारियों के बारे में भी बात की। एक्ट्रेस ने बताया कि जब शूटिंग बीच में रोकनी पड़ी तो पूरी टीम ने उन्हें पूरा सहयोग दिया। उन्होंने इस नृत्य शैली को समझने और इसका अभ्यास करने में काफी समय बिताया। उन्होंने कहा, ‘मुझे बहुत समर्थन मिला। शूटिंग रुक गई थी, लेकिन सभी के प्यार और सहयोग की बदौलत हम वापस लौट सके। मुझे लावणी को ठीक से समझना था और इसका काफी अभ्यास करना पड़ा।’ ‘ईठा’ की शूटिंग के दौरान लावणी का एक दृश्य फिल्माते समय श्रद्धा के पैर की उंगली में चोट लग गई थी, जिसके कारण शूटिंग को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा था। बाद में ठीक होने के बाद उन्होंने फिर से शूटिंग शुरू कर दी।

ईठा की शानदार स्टार कास्ट
‘ईठा’ में रणदीप हुड्डा, मोहम्मद जीशान अय्यूब और सिद्धार्थ जाधव मुख्य भूमिकाओं में हैं। ट्रेलर में श्रद्धा ‘ईठा बाई’ के किरदार में नजर आती हैं, जो लावणी करती हैं और अपने जीवन के अलग-अलग पड़ावों से गुजरती हैं। फिल्म में रणदीप हुड्डा एक व्यापारी की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि मोहम्मद जीशान अय्यूब, सिद्धार्थ जाधव, अनंत जोशी, अक्षरा सिंह और उल्का गुप्ता भी इस फिल्म की कास्ट का हिस्सा हैं। यह फिल्म उतेकर की पिछली फिल्म ‘छावा’ के बाद आई है, जो छत्रपति संभाजी महाराज के जीवन पर आधारित थी।

‘स्त्री 2’ के बाद ‘ईठा’ से बड़े पर्दे पर वापसी करेंगी श्रद्धा कपूर
‘ईठा’ के जरिए श्रद्धा कपूर 2024 में आई ‘स्त्री 2’ के बाद बड़े पर्दे पर वापसी करेंगी। इस फिल्म में वह एक वास्तविक कलाकार की भूमिका निभा रही हैं और उन्होंने ‘लावणी’ दृश्यों के लिए काफी तैयारी की है। ‘ईठा’ 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।