ट्रेन नंबर- 26903/26904 का रूट आसर्व तक बिल्कुल ट्रेन नंबर- 26963/26964 की तरह ही रहेगा। दरअसल, भारतीय रेल उदयपुर सिटी-आसर्व वंदे भारत एक्सप्रेस को नए नाम और नंबर के साथ आसर्व से बढ़ाकर सूरत तक चलाने जा रही है।
देश को जल्द ही एक और नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन मिलने वाली है। रेल मंत्रालय का रेलवे बोर्ड राजस्थान के उदयपुर और गुजरात के सूरत के बीच एक नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की मंजूरी दे चुका है। सूरत से उदयपुर सिटी के लिए चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस का नंबर 26903 होगा। जबकि वापसी में, उदयपुर सिटी से सूरत के लिए चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का नंबर 26904 होगा। उदयपुर सिटी और सूरत के बीच चलाई जाने वाली ये नई ट्रेन शारदीय नवरात्रि से पहले शुरू की जा सकती है। इस साल शारदीय नवरात्रि 11 अक्टूबर से शुरू हो रहे हैं। ऐसे में ये नई ट्रेन 11 अक्टूबर के आसपास शुरू हो सकती है।
उदयपुर सिटी-आसर्व वंदे भारत एक्सप्रेस की सेवाएं होंगी बंद
रेलवे बोर्ड ने पिछले महीने 31 अगस्त को ही सूरत और उदयपुर सिटी के बीच इस नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को मंजूरी दे दी थी। बताते चलें कि रेलवे बोर्ड ने इसके साथ ही उदयपुर सिटी और आसर्व (अहमदाबाद) के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को बंद करने की भी मंजूरी दी थी। ट्रेन नंबर- 26963/26964, उदयपुर सिटी-आसर्व वंदे भारत एक्सप्रेस को इसी साल फरवरी में शुरू किया गया था।
सिर्फ 7 घंटे और 30 मिनट में पूरा होगा 13 घंटे का सफर
बताते चलें कि ट्रेन नंबर- 26903/26904 का रूट आसर्व तक बिल्कुल ट्रेन नंबर- 26963/26964 की तरह ही रहेगा। दरअसल, भारतीय रेल उदयपुर सिटी-आसर्व वंदे भारत एक्सप्रेस को नए नाम और नंबर के साथ आसर्व से बढ़ाकर सूरत तक चलाने जा रही है। अभी उदयपुर सिटी और सूरत के बीच सिर्फ 1 ट्रेन (उदयपुर सिटी-बांद्रा सुपरफास्ट एक्सप्रेस) चलाई जाती है, जो 694 किमी की लंबी यात्रा पूरी करने में लगभग 13 घंटे का समय लेती है। जबकि, वंदे भारत एक्सप्रेस उदयपुर सिटी और सूरत के बीच 694 किमी की दूरी महज 7 घंटे और 30 मिनट में पूरा करेगी।
मंगलवार को छोड़कर हफ्ते में 6 दिन चलेगी नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन
सूरत-उदयपुर सिटी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन मंगलवार को छोड़कर हफ्ते में 6 दिन चलाई जाएगी। ट्रेन नंबर- 26903, सूरत से सुबह 6:10 बजे प्रस्थान करेगी और दोपहर 1:40 बजे उदयपुर पहुंचेगी। वापसी में, ट्रेन नंबर- 26904, उदयपुर से दोपहर 3:35 बजे प्रस्थान करेगी और रात 11 बजे सूरत पहुंचेगी। ये ट्रेन अपनी यात्रा के दौरान भरूच, वडोदरा, आणंद, मणिनगर, असर्वा, हिम्मतनगर, शामलाजी रोड, डूंगरपुर और जावर रेलवे स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में रुकेगी।


