प्रियांश आर्य ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी टूर्नामेंट में दिल्ली की कप्तानी करते हुए तमिलनाडु के खिलाफ धमाकेदार अंदाज में 181 रनों की पारी खेली। उन्होंने 19 छक्के ठोकने का काम किया।
टी20 क्रिकेट में भारत के लिए 24 नवंबर की तारीख अब ऐतिहासिक हो गई है। जो काम अब तक कोई बल्लेबाज नहीं कर पाया, वो काम प्रियांश आर्य ने कर दिखाया है। प्रियांश ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में पहले तो धमाकेदार शतक ठोका, उसके बाद भी उनकी बल्लेबाजी जारी रही। अब वे भारत के लिए टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। आर्य ने दिल्ली की ओर से खेलते हुए तमिलनाडु के खिलाफ जबरदस्त बल्लेबाजी की।
प्रियांश आर्य ने खेली तूफानी पारी
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में दिल्ली और तमिलनाडु के बीच मुकाबला खेला गया। दिल्ली की टीम पहले बैटिंग के लिए उतरी, लेकिन टीम का पहला विकेट जल्दी गिर गया। यश धुल केवल आठ ही रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद नितीश राणा भी केवल 18 ही रन बना सके। हालांकि दूसरे छोर पर कप्तान प्रियांश आर्य डटे रहे और अपने अंदाज में बल्लेबाजी करते रहे। हालांकि दूसरे छोर से विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा, लेकिन आर्य ने तूफानी बल्लेबाजी जारी रखी और चौके और छक्कों की झड़ी सी लगा दी।
केवल 36 बॉल पर पूरा किया शतक, 181 रन बनाने में रहे कामयाब
प्रियांश आर्य ने केवल 36 बॉल पर अपना शतक पूरा किया। इस दौरान ही उन्होंने चार चौके और 12 छक्के ठोक दिए थे। इसके बाद तो उनका बल्ला और भी तेजी से घूमना शुरू हो गया। कुछ ही देर में उन्होंने केएल राहुल का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिनके नाम टी20 क्रिकेट में भारतीय बल्लेबाज के तौर पर सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड है। प्रियांश ने केवल 68 बॉल पर 181 रनों की तूफानी पारी खेली। हालांकि वे विश्व कीर्तिमान बनाने से चूक गए। टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड ल्हुआन-ड्रे प्रीटोरियस के नाम है, जिन्होंने 79 बॉल पर नाबाद 188 रन बनाए थे। अगर वे आठ और रन बना लेते तो नया विश्व रिकॉर्ड बन जाता।
दिल्ली की टीम ने बनाए 181 रन
इस दौरान प्रियांश आर्य ने 7 चौके और 19 आसमानी छक्के ठोके। उनका स्ट्राइक रेट 266.18 का रहा। मजे की बात ये रही कि टीम कोई दूसरा बल्लेबाज अर्धशतक तक नहीं लगा पाया। आर्य की पारी की बदौलत टीम ने 20 ओवर में 275 रन बना दिए। इसमें 181 रन तो केवल प्रियांश के ही हैं। अब वे भारत के ऐसे चौथे बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने टी20 क्रिकेट में 170 से अधिक रनों की पारी खेली। ये अपने आप में कमाल की बात है।


