Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
HomeNewsWorldसऊदी अरब का हूतियों पर बड़ा हमला, 24 घंटे में 81 हवाई...

सऊदी अरब का हूतियों पर बड़ा हमला, 24 घंटे में 81 हवाई और मिसाइल हमले किए, F-15 और टाइफून विमानों का इस्तेमाल

सऊदी अरब ने हूतियों पर बड़ा हमला किया है। बीते 24 घंटे में ही हूती विद्रोहियों के ठिकानों पर 81 हवाई और मिसाइल हमले किए गए हैं। इन हमलों में F-15 और टाइफून विमानों का इस्तेमाल किया गया है।
सऊदी अरब और यमन के हूती विद्रोहियों के बीच जंग तेज होती जा रही है। दोनों ओर से लगातार एक-दूसरे के अहम ठिकानों पर भीषण हमले किए जा रहे हैं। इस जंग में बड़ी संख्या में लोगों की मौत हो रही है। अब खबर सामने आई है कि सऊदी अरब ने यमन की राजधानी सना समेत कई अहम ठिकानों पर भीषण हवाई और मिसाइल हमले किए है जिसमें कई लोग मारे गए हैं। हूती विद्रोहियों खुद इस हमले की जानकारी दी है।
81 हवाई और मिसाइल हमले हुए
हूती विद्रोहियों के सैन्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल याह्या सरी ने सऊदी अरब के हमलों के बारे में जानकारी दी है। उन्होंने कहा- “पिछले 24 घंटों में, सऊदी युद्धक विमानों ने 81 हवाई हमले और मिसाइल हमले किए। इन हमलों में राजधानी सना और अल-जौफ, ताइज, सादा, मारिब, लाहज, अल-बैदा और अल-हुदैदा प्रांतों में आम नागरिकों के ठिकानों को निशाना बनाया गया।”

F-15 और टाइफून विमानों का इस्तेमाल
जनरल याह्या सरी ने बताया है कि “सऊदी अरब द्वारा इन हमलों के लिए खमीस मुशैत और ताइफ एयर बेस से उड़ान भरने वाले F-15 और टाइफून विमानों का इस्तेमाल किया गया, साथ ही नज्रान से मिसाइलें भी दागी गईं। इन हमलों में कई आम नागरिक मारे गए और घायल हुए। हमारे देश के खिलाफ आक्रामकता तेज होने के बाद से, सऊदी हमलावरों द्वारा किए गए हवाई हमलों और मिसाइल हमलों की कुल संख्या अब 5,581 हो गई है।” बता दें कि इससे पहले हूतियों ने भी सऊद अरब पर कई भीषण हमले किए हैं।

यमन में क्यों हो रही है जंग?
यमन में गृहयुद्ध की स्थिति तेजी से बिगड़ रही है। हाल ही में वहां कई वर्षों से लागू संघर्षविराम टूट गया था। इसके बाद से ही यहां भीषण जंग जारी है। बता दें कि ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों का सना और देश के उत्तरी तथा पश्चिमी हिस्सों पर नियंत्रण है जबकि दक्षिण एवं पूर्व में मौजूद सऊदी समर्थित उनके विरोधियों के बीच लड़ाई तेज हो गई है। यमन में युद्ध की शुरुआत 2014 में हुई थी, जब हूती विद्रोहियों ने उत्तर से आगे बढ़कर राजधानी सना पर कब्जा कर लिया और अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त सरकार को सत्ता से बेदखल कर दिया। इसके बाद सऊदी अरब ने सरकार के समर्थन में एक गठबंधन बनाया और कई वर्षों तक हवाई हमले किए। नागरिकों की मौतों को लेकर इस अभियान की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आलोचना हुई थी।