सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिहार की टीम आज अपना दूसरा मैच खेल रही है, लेकिन इसमें वैभव सूर्यवंशी प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं हैं, उनकी जगह सूरज कश्यप को टीम की कमान दी गई है।
वैभव सूर्यवंशी को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिहार का कप्तान बनाया गया। पहले मैच में टीम उन्हीं की कप्तानी में उतरी। टीम को हार मिली, वैभव का भी बल्ला नहीं चला। इसके बाद टीम आज अपना दूसरा मैच खेल रही है, लेकिन इसमें ना वे कप्तान हैं और ना ही उन्हें प्लेइंग इलेवन में खेलने का मौका मिला है। आखिर ये फैसला क्यों लिया गया। चलिए इसके बारे में आपको बताते हैं।
वैभव की गैरमौजूदगी में सूरज कश्यप बने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिहार के कप्तान
इस वक्त सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए टीमों का ऐलान पहले ही कर दिया गया था। वैभव सूर्यवंशी को बिहार की टीम की कप्तानी दी गई। पहले मैच में बिहार का मैच सौराष्ट्र के खिलाफ खेला गया। इसमें वैभव सूर्यवंशी केवल 18 ही रन बनाकर आउट हो गए। टीम को भी हार का सामना करना पड़ा। अब आज टीम अपना दूसरा मैच रेलवे के खिलाफ खेल रही है। इसमें टीम की कप्तानी सूरज कश्यप के हाथ में है।
राइजिंग स्टार एशिया कप में खेलते हुए दिखाई देंगे वैभव सूर्यवंशी
दरअसल वैभव सूर्यवंशी को लेकर पहले ही तय था कि वे सैयद मुश्ताक अली का पहला ही मैच खेल पाएंगे। ऐसा इसलिए क्योंकि जल्द ही राइजिंग स्टार एशिया कप का आयोजन किया जाना है। इसमें भारत की ए टीम हिस्सा लेगी। टीम की कमान तिलक वर्मा के हाथ में है और वैभव सूर्यवंशी को बतौर ओपनर टीम में शामिल किया गया है। इस टूर्नामेंट का पहला मैच 19 नवंबर को खेला जाएगा। 20 नवंबर को भारतीय टीम पहला मैच खेलेगी। उसका पहला मैच नेपाल से होगा। इसके बाद भारत का दूसरा मैच 22 नवंबर को पाकिस्तान के खिलाफ होगा। जो एक कड़केदार मैच होने की संभावना है। ये टूर्नामेंट दोहा में होगा। पहले मैच में ज्यादा वक्त नहीं है, इसलिए टीम अब वहां रवाना हो रही है, इसलिए वैभव सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट के मैच नहीं खेल पाएंगे।
राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए भारत की ए टीम: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (कप्तान), रिंकू सिंह (उपकप्तान), कुमार कुशाग्र, सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, विप्रज निगम, हर्ष दुबे, तनुश कोटियन, हर्षित राणा, प्रिंस यादव, अरशद खान, आयुष बडोनी।


