Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
HomeNewsरील में चाकू दिखाकर जमा रहे थे भौकाल, पुलिस ने 5 युवकों...

रील में चाकू दिखाकर जमा रहे थे भौकाल, पुलिस ने 5 युवकों को किया गिरफ्तार, 3 नाबालिग भी हिरासत में

ओडिशा के झारसुगुड़ा में रील में चाकू दिखाकर भौकाल जमाना कई लोगों को भारी पड़ गया है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए 5 युवकों को गिरफ्तार किया है। वहीं, 3 नाबालिग भी हिरासत में लिए गए हैं।
सोशल मीडिया पर हथियार दिखाकर रील बनाना और उसके जरिए लोगों में डर पैदा करने की कोशिश करना रीलबाज युवकों को भारी पड़ गया। झारसुगुड़ा पुलिस ने ऑपरेशन नेत्र के तहत इंस्टाग्राम पर चाकू दिखाते हुए धमकी भरे रील बनाने और पोस्ट करने वाले युवकों के एक समूह के खिलाफ कार्रवाई की है।

क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर इस तरह की रील सामने आने के बाद मामले की जानकारी जुटाई गई। इसके बाद झारसुगुड़ा पुलिस की एक टीम ने जांच शुरू की और रील बनाकर पोस्ट करने में शामिल लोगों का पता लगाया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 8 लोगों को पकड़ा, जिनमें 5 बालिग और 3 नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से दो चाकू और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। जब्त मोबाइल फोन में वही वीडियो रील मौजूद थीं, जिनके संबंध में कार्रवाई की गई।
आरोपियों की हुई पहचान
मामले में झारसुगुड़ा थाने में बीएनएस और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच जारी है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों में 22 साल का सागर भैंसा, 21 साल का शुभम छछान, 24 साल का बिकास भैंसा, 21 साल का बिकाश प्रधान और 22 साल का समीर सोरेंग शामिल हैं। इनके अलावा, कार्रवाई में तीन नाबालिगों को भी पकड़े जाने की जानकारी पुलिस ने दी है। आपको बता दें कि ओडिशा के संबलपुर में आपसी विवाद में एक व्यापारी की बीच सड़क पर गोली मारकर दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी।

पुलिस गतिविधियों पर नजर रख रही
झारसुगुड़ा के एसपी गुंडाला रेड्डी राघवेंद्र ने कहा ,”सोशल मीडिया रचनात्मकता दिखाने का माध्यम है, लेकिन इसका इस्तेमाल हथियारों का महिमामंडन करने, लोगों को धमकाने या इलाके में डर का माहौल बनाने के लिए नहीं किया जाना चाहिए। ऑपरेशन नेत्र के तहत झारसुगुड़ा पुलिस ऐसी गतिविधियों पर नजर रख रही है। ऑनलाइन हो या ऑफलाइन, लोगों में डर पैदा करने या सार्वजनिक शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

पुलिस की इस कार्रवाई से यह संदेश दिया गया है कि सोशल मीडिया पर बनाई गई रील को केवल मनोरंजन मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। अगर किसी पोस्ट या वीडियो के जरिए धमकी, हथियारों का प्रदर्शन या लोगों में भय पैदा करने की कोशिश की जाती है, तो पुलिस उस पर कानूनी कार्रवाई कर सकती है। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस ने जब्त मोबाइल फोन समेत अन्य तथ्यों की जांच शुरू कर दी है।