भारतीय टीम को श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले बड़ा झटका लगा है जिसमें साई सुदर्शन अनफिट होने की वजह से बाहर हो गए हैं।
भारतीय टीम अभी श्रीलंका के दौरे पर है जहां उसे मेजबान के खिलाफ 15 अगस्त से दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है। बीसीसीआई की तरफ से टेस्ट सीरीज को लेकर स्क्वाड का ऐलान काफी पहले कर दिया गया था, जिसमें अनफिट खिलाड़ी साई सुदर्शन का नाम भी शामिल था। सुदर्शन को लेकर ऐसी उम्मीद जताई गई थी कि वह टेस्ट सीरीज के शुरू होने से पहले फिट हो जाएंगे, लेकिन अब वह पूरी टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं, जो टीम इंडिया के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। सुदर्शन इस दौरे से बाहर होने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं जिसमें इससे पहले जसप्रीत बुमराह भी पूरी तरह से फिट नहीं होने की वजह से बाहर हो गए थे।
अभी टेस्ट क्रिकेट में वापसी के लिए पूरी तरह फिट नहीं सुदर्शन
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के स्क्वाड का ऐलान होने से पहले ही सुदर्शन दाएं पैर के अंगूठे में लगी चोट से जूझ रहे थे, जिसमें उनके सीरीज के शुरू होने से पहले पूरी तरह से फिट होने की उम्मीद जताई गई थी। सुदर्शन के टेस्ट सीरीज से बाहर होने को लेकर समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार सुदर्शन अभी बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में चोट से उबरने की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। सुदर्शन की चोट पर निगरानी रख रही बीसीसीआई की मेडिकल साइंस टीम के अपडेट के अनुसार साई सुदर्शन श्रीलंका के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज में नहीं खेल पाएंगे। डॉक्टरों ने उन्हें पूरी तरह फिट होने के लिए और समय देने की सलाह दी है। उनकी स्थिति में काफी सुधार हुआ है, लेकिन अभी टेस्ट क्रिकेट में वापसी के लिए पूरी तरह फिट नहीं हैं। मेडिकल साइंस टीम ने सुदर्शन की फिटनेस को लेकर नेशनल सिलेक्शन कमेटी को अपडेट दे दिया है।
सरफराज खान को मौका मिलने की उम्मीद
साई सुदर्शन के बाहर होने के साथ अब सभी की नजरें उनकी जगह पर रिप्लेसमेंट प्लेयर के नाम का ऐलान होने को लेकर टिकी हुई है, जिसमें सरफराज खान इस रेस में काफी आगे माने जा रहे हैं। लेकिन कोचिंग स्टाफ और चयन समिति के एक महत्वपूर्ण सदस्य को उन पर ज्यादा भरोसा नहीं है। अभी टीम इंडिया टेस्ट सीरीज का आगाज होने से पहले श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के खिलाफ तीन दिन का अभ्यास मैच खेल रही है, जिसमें कप्तान शुभमन गिल भी दाहिने हाथ की इंडेक्स फिंगर में लगी चोट के चलते नहीं खेल रहे हैं।


