Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
HomeNewsBusinessSBI को पहली तिमाही में हुआ ₹24,113 करोड़ का नेट प्रॉफिट, लोन...

SBI को पहली तिमाही में हुआ ₹24,113 करोड़ का नेट प्रॉफिट, लोन इंटरेस्ट से हुई ₹46,992 करोड़ की इनकम

बैंक का ग्रॉस नॉन-परफॉर्मिंग ऐसेट (GNPA) रेश्यो 30 जून, 2026 को सुधरकर 1.47 प्रतिशत रह गया, जो मार्च, 2026 के अंत में 1.49 प्रतिशत और एक साल पहले 1.83 प्रतिशत था।

पब्लिक सेक्टर के सबसे बड़ी बैंक SBI (भारतीय स्टेट बैंक) ने चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी कर दिए हैं। भारतीय स्टेट बैंक ने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून तिमाही) में उसका कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 13.73 प्रतिशत बढ़कर 24,113 करोड़ रुपये रहा। बैंक ने वित्त वर्ष 2025-26 की जून तिमाही में 21,201.47 करोड़ रुपये और पिछली मार्च तिमाही में 19,642.87 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट कमाया था।

नेट इंटरेस्ट इनकम में 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी
एसबीआई ने शुक्रवार को एक एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि इस दौरान बैंक का स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 10.23 प्रतिशत बढ़कर 21,121.22 करोड़ रुपये रहा, जो वित्त वर्ष 2025-26 की अप्रैल-जून तिमाही में 19,160.44 करोड़ रुपये था। इसके अलावा, बैंक की नेट इंटरेस्ट इनकम 15 प्रतिशत बढ़कर 46,992 करोड़ रुपये हो गई। हालांकि, घरेलू शुद्ध ब्याज मार्जिन (NIM) घटकर 3 प्रतिशत रह गया। हालांकि, पिछली तिमाही की तुलना में बैंक का शुद्ध ब्याज मार्जिन 0.07 प्रतिशत बढ़ा।

बैंक के ग्रॉस नॉन-परफॉर्मिंग ऐसेट रेश्यो में आया सुधार
देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक ने बताया कि जून तिमाही में फंसे कर्ज (NPA) के लिए प्रावधान घटकर 3,359 करोड़ रुपये रह गया, जो 2025-26 की समान तिमाही में 4,934 करोड़ रुपये था। हालांकि, पिछली तिमाही के 3,140 करोड़ रुपये की तुलना में ये ज्यादा रहा। बैंक का ग्रॉस नॉन-परफॉर्मिंग ऐसेट (GNPA) रेश्यो 30 जून, 2026 को सुधरकर 1.47 प्रतिशत रह गया, जो मार्च, 2026 के अंत में 1.49 प्रतिशत और एक साल पहले 1.83 प्रतिशत था।

एफसीएनआर-बी योजना के तहत 6 अरब अमेरिकी डॉलर जुटा चुका है बैंक
भारतीय स्टेट बैंक के चेयरमैन सी.एस. शेट्टी ने कहा कि बैंक का लक्ष्य वित्त वर्ष 2026-27 में ऋण वृद्धि को 14-15 प्रतिशत तक ले जाने का है। इसके लिए 10-11 प्रतिशत जमा वृद्धि पर्याप्त रहेगी। उन्होंने कहा कि विशेष विदेशी मुद्रा प्रवासी (बैंक) (एफसीएनआर-बी) योजना के तहत बैंक अब तक 6 अरब अमेरिकी डॉलर जुटा चुका है और सितंबर में योजना समाप्त होने तक ये राशि 10 अरब डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है।

शुक्रवार को 1 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुए शेयर
शुक्रवार को बीएसई पर भारतीय स्टेट बैंक के शेयर 1.03 प्रतिशत (11.20 रुपये) की तेजी के साथ 1096.05 रुपये के भाव पर बंद हुए। कल कारोबार के दौरान बैंक के शेयरों का भाव 1,124.40 रुपये तक पहुंचा था। बीएसई पर एसबीआई के शेयरों का 52 वीक हाई 1,234.80 रुपये है, जबकि इसका 52 वीक लो 790.10 रुपये है। बीएसई के आंकड़ों के मुताबिक, एसबीआई का मौजूदा मार्केट कैप 10,11,721.84 करोड़ रुपये है।