युवती के पिता ने थाने में लिखित शिकायत देकर रवी कुमार नामक व्यक्ति पर उनकी बेटी नेहा कुमारी को बहला फुसलाकर अपहरण कर ले जाने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर बांके बाजार थाना पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पिता के अनुसार नेहा कुमारी 3 अगस्त 2025 को शाम करीब 4 बजे घर का सामान खरीदने के लिए हटिया यानी साप्ताहिक बाजार गई थी। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर आसपास के इलाकों और परिचितों के यहां काफी तलाश की, लेकिन नेहा का कोई सुराग नहीं मिला। इसी दौरान परिवार के सदस्यों को फोन के जरिए नेहा के रात से घर नहीं लौटने की जानकारी मिली।
पिता ने बताया कि सूचना मिलने के बाद वह तत्काल घर पहुंचे और बेटी की तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बावजूद जब नेहा का पता नहीं चला तो वह बांके बाजार थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें कथित तौर पर जानकारी मिली कि रवी कुमार पिता स्वर्गीय भगवान मिस्त्री निवासी दान सोहनविगहा, थाना मगध मेडिकल कॉलेज, गया उनकी बेटी को अपने साथ ले गया है।
शिकायत के मुताबिक पिता ने रवी कुमार के मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन बंद मिला। इसके बाद 7 अगस्त 2025 को एक अन्य मोबाइल नंबर से पिता के मोबाइल पर फोन आया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि फोन करने वाले रवी कुमार ने कहा कि वह नेहा को अपने साथ लेकर आया है और उससे शादी कर ली है। इस पर पिता ने उससे सवाल किया कि जब उसके पहले से तीन बेटियां और एक बेटा हैं तो उसने उनकी बेटी से शादी कैसे कर ली। आरोप है कि रवी कुमार ने जवाब दिया कि वह शादी कर चुका है और अब जो करना है कर लें।
पिता ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि रवी कुमार उनकी बड़ी बेटी रूबी देवी का पति है और इस रिश्ते से वह उनका बड़ा दामाद है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि इससे पहले रवी कुमार पर नेहा को कथित रूप से परेशान करने को लेकर पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था, जो बाद में सुनहलाामा के आधार पर समाप्त हो गया था। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए बांके बाजार थाना में 8 अगस्त 2025 को केस नंबर 115/25 दर्ज किया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मामले में बीएनएस की धारा 87 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान की जिम्मेदारी अवर निरीक्षक आनंद कुमार साह को दी गई है।
परिजनों ने पुलिस से नेहा कुमारी की तलाश कर उसे बरामद करने तथा शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और युवती की बरामदगी तथा घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।


