Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
HomeLifestyleEntertainment'हनुमान अंश' के 'पार्वती' की दुनियाभर में गूंज, 10 करोड़ से ज्यादा...

‘हनुमान अंश’ के ‘पार्वती’ की दुनियाभर में गूंज, 10 करोड़ से ज्यादा व्यूज हासिल कर बना यूट्यूब पर नंबर 1

‘हनुमान अंश’ का गाना ‘पार्वती’ यूट्यूब म्यूजिक चार्ट पर भारत में नंबर 1 और दुनियाभर में दूसरे स्थान पर पहुंच गया। साधु तिवारी का यह बुंदेली लोकधुन से प्रेरित भक्ति गीत 10 करोड़ व्यूज पार कर चुका है।
फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता का सिलसिला बॉक्स ऑफिस के बाद अब इसके संगीत में भी देखने को मिल रहा है। फिल्म का भक्ति गीत ‘पार्वती’ इस समय यूट्यूब म्यूजिक के वीकली सॉन्ग्स चार्ट में भारत में पहले नंबर पर पहुंच गया है। इतना ही नहीं, यह गाना दुनियाभर के चार्ट में भी दूसरे स्थान पर है। बुंदेली लोक संगीत की झलक लिए इस गाने ने फिल्म से बाहर भी अपनी अलग पहचान बना ली है और सोशल मीडिया पर लगातार लोकप्रिय हो रहा है।

भारत में 4.7 करोड़ से ज्यादा व्यूज
यूट्यूब चार्ट्स के आंकड़ों के मुताबिक ‘पार्वती’ को भारत में चार्टिंग पीरियड के दौरान 4,72,66,182 व्यूज मिले हैं। इसी के साथ यह देश के वीकली सॉन्ग्स चार्ट में सबसे ऊपर पहुंच गया। ग्लोबल चार्ट में यह गाना दूसरे नंबर पर है, जहां इससे आगे शकीरा और बर्ना बॉय का गाना ‘डाई डाई’ मौजूद है। खास बात यह है कि ‘पार्वती’ एक भक्ति गीत है और इसकी जड़ें बुंदेली लोक संगीत से जुड़ी हुई हैं। गाने को साधु तिवारी ने लिखा, कंपोज किया और अपनी आवाज दी है। यूट्यूब पर ‘पार्वती’ 100 मिलियन यानी 10 करोड़ व्यूज का आंकड़ा भी पार कर चुका है। फिल्म की कहानी से जुड़े दर्शकों के अलावा बड़ी संख्या में ऐसे लोग भी इस गाने को सुन और देख रहे हैं, जिनका फिल्म से सीधा जुड़ाव नहीं है।

इंस्टाग्राम रील्स पर भी छाया गाना
‘पार्वती’ की लोकप्रियता सिर्फ यूट्यूब तक सीमित नहीं है। गाना अब इंस्टाग्राम रील्स और दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी तेजी से इस्तेमाल किया जा रहा है। इसकी धुन और लोक संगीत से जुड़ा अंदाज लोगों को आकर्षित कर रहा है। यही वजह है कि फिल्म की रिलीज के काफी समय बाद भी इसका संगीत लगातार नए दर्शकों तक पहुंच रहा है। भारत के वीकली सॉन्ग्स चार्ट में ‘पार्वती’ के बाद श्रेया घोषाल की आवाज में ‘कल्याणी’ दूसरे स्थान पर है। वहीं ‘द पैराडाइज’ का ‘येशनागुला’ तीसरे नंबर पर मौजूद है। ऐसे में एक भक्ति गीत का टॉप पोजिशन पर पहुंचना ‘हनुमान अंश’ के संगीत के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

दिल्ली के भजन क्लबिंग कार्यक्रम में भी गूंजा ‘पार्वती’
गाने को हाल ही में दिल्ली में आयोजित एक खास कार्यक्रम में भी मंच मिला। 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती के मौके पर आयोजित ‘भजन क्लबिंग’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए थे। इस दौरान साधु तिवारी ने ‘पार्वती’ की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के दौरान नरेंद्र मोदी को प्रस्तुति का आनंद लेते और तालियां बजाते हुए देखा गया। उन्होंने खंजरी भी बजाई। बाद में प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर करते हुए लिखा, ‘शानदार भजन क्लबिंग इन दिल्ली।’ भजन क्लबिंग का फॉर्मेट पारंपरिक भक्ति संगीत को आधुनिक कॉन्सर्ट की शैली में पेश करता है। इस तरह के आयोजनों के जरिए भक्ति संगीत को युवा दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। ‘पार्वती’ की लोकप्रियता ने भी इस बदलाव को खास तौर पर चर्चा में ला दिया है।

‘हनुमान अंश’ की कहानी क्या है?
‘हनुमान अंश’ का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है। फिल्म की कहानी लक्ष्मी नारायण नाम के एक युवा लड़के के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी आध्यात्मिक यात्रा आगे चलकर उसे नीम करोली बाबा के रूप में बदल देती है। फिल्म की कहानी विशाल चतुर्वेदी की किताब ‘डिवाइन डेटोर: दैट चेंज्ड माई लाइफ’ से प्रेरित बताई गई है। फिल्म को एक ट्रायलॉजी की पहली कड़ी के तौर पर तैयार किया गया है। इसमें शोभिनव सत्या मुख्य भूमिका में नजर आए हैं। लगभग 2 करोड़ रुपये के कथित बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए दुनियाभर में 410 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया है। बता दें, ‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद अब नीम करोली बाबा पर टीवी शो भी आ रहा है।