Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
HomeNewsतमिलनाडु में सौगातों की बारिश, 2 अक्तूबर से महिलाओं के लिए फ्री...

तमिलनाडु में सौगातों की बारिश, 2 अक्तूबर से महिलाओं के लिए फ्री बस यात्रा, 14 जनवरी से मुफ्त गैस सिलेंडर

तमिलनाडु में सौगातों की बारिश, 2 अक्तूबर से महिलाओं के लिए फ्री बस यात्रा, 14 जनवरी से मुफ्त गैस सिलेंडर
चेन्नई: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सोमवार को महिलाओं के लिए फ्री बस यात्रा योजना के विस्तार की घोषणा की। इस योजना के तहत महिला लाभार्थी अब डीलक्स और एक्सप्रेस बसों में भी मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। इसकी घोषणा आज सीएम विजय ने विधानसभा में की। इसके अलावा अन्य कई अहम घोषणाएं करते हुए विजय ने तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के प्रमुख चुनावी वादों को पूरा करने की दिशा में तीन मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर देने का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि इसकी राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा की जाएगी। उन्होंने परंदूर ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा परियोजना को रद्द करने की भी घोषणा की। इस हवाई अड्डा परियोजना का स्थानीय किसानों द्वारा भारी विरोध किया जा रहा था और वे अपनी जमीन देने के लिए तैयार नहीं थे।
वेत्री पयनम’ योजना का ऐलान
महिलाओं के लिए भी मुख्यमंत्री ने ‘वेत्री पयनम’ योजना का ऐलान किया है। इस योजना के तहत महानगरीय और शहरी क्षेत्रों में चलने वाली सरकारी एक्सप्रेस, एलएसएस और डीलक्स बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। वहीं जिलों के बीच सफर के लिए साधारण किराये वाली मोफस्सिल और पहाड़ी क्षेत्र की बसों में भी मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। सरकार ने इस योजना को 2 अक्टूबर, महात्मा गांधी की जयंती से लागू करने का फैसला किया है। योजना में न तो कोई आय सीमा होगी और न ही यात्रा की संख्या पर कोई प्रतिबंध। ट्रांसजेंडर व्यक्ति भी इस मुफ्त बस यात्रा योजना का लाभ उठा सकेंगे।

हर पात्र परिवार को मुफ्त गैस सिलेंडर
कल्याणकारी योजनाओं ऐलान करते हुए सीएम विजय ने कहा कि अन्नपूर्णाई सुपर सिक्स योजना के तहत 14 जनवरी से शुरू होने वाले पोंगल पर्व के बाद तमिलनाडु के हर पात्र परिवार को मुफ्त गैस सिलेंडर का लाभ दिया जाएगा। सरकार एक साल में तीन गैस सिलेंडर की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर करेगी। विजय के मुताबिक, इस योजना से करीब 1 करोड़ 30 लाख परिवारों को लाभ मिलने की उम्मीद है। इसके लिए राज्य सरकार हर साल लगभग 4,000 करोड़ रुपये खर्च करेगी। वार्षिक 2.5 लाख रुपये से कम आय वाले परिवार, छोटे और सीमांत किसान परिवार, दिव्यांग परिवार और अन्य कमजोर वर्ग इस योजना के दायरे में शामिल होंगे।

इससे पहले 19 अगस्त को सीएम विजय ने राज्य सरकार की मुख्यमंत्री व्यापक स्वास्थ्य बीमा योजना (सीएमसीएचआईएस) के तहत वार्षिक स्वास्थ्य बीमा कवरेज को मौजूदा पांच लाख रुपये से बढ़ाकर 25 लाख रुपये करने का ऐलान किया था। साथ ही उन्होंने ऐलान किया कि उत्तर चेन्नई के पेरम्बूर में 300 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से अंतरराष्ट्रीय मानकों वाला 400 बिस्तरों का मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल बनाया जाएगा। विजय ने कहा कि चिकित्सा कर्मियों की कमी को दूर करने के लिए 351 करोड़ रुपये का निवेश कर नर्सिंग और फार्मेसी पाठ्यक्रमों में अतिरिक्त सीटें बढ़ाई जाएंगी। इसके तहत सात नए नर्सिंग कॉलेज शुरू किए जाएंगे और मौजूदा संस्थानों में भी सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी।