Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
HomeNewsओडिशा के समुद्र में उठा 15 फीट ऊंचा ज्वार, सड़क तक पहुंचा...

ओडिशा के समुद्र में उठा 15 फीट ऊंचा ज्वार, सड़क तक पहुंचा पानी; झूम उठे पर्यटक

ओडिशा के दीघा इलाके में भारी बारिश हो रही है। इस बीच समुद्र में 15 फीट ऊंचा ज्वार देखने को मिला। इस दौरान वहां मौजूद पर्यटकों में काफी उत्साह देखने को मिला।
ओडिशा-पश्चिम बंगाल की सीमा पर मौजूद दीघा में समुद्र का मिजाज अचानक बेहद अशांत हो गया है। समुद्र में करीब 15 फीट ऊंचा ज्वार उठने के बाद समुद्री पानी सुरक्षा दीवार को पार कर सड़क पर आने लगा है। समुद्र की इस स्थिति को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। लगातार ऊंची लहरों के बीच समुद्र का पानी सुरक्षा दीवार को पार करता हुआ दिखाई दिया। समुद्र में ज्वार उठता देख स्थानीय लोग मोबाइल पर तस्वीरें कैद करने लगे। समुद्र में उठ रही ऊंची लहरों के कारण इलाके में चिंता का माहौल है।
समुद्र में उठा तेज ज्वार
डीप डिप्रेशन और पूर्णिमा के प्रभाव के कारण दीघा का समुद्र अशांत होता दिख रहा है। समुद्र में तेज ज्वार के चलते पानी सामान्य स्तर से काफी ऊपर उठ रहा है। दीघा में अलग-अलग राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे हुए हैं। समुद्र की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने पर्यटकों को समुद्र के पास न जाने और समुद्र में उतरने से बचने की सलाह दी हुई है। इसके साथ ही मछुआरों को भी समुद्र में नहीं जाने की हिदायत दी गई है। प्रशासन की ओर से लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सतर्कता बरती जा रही है।
समुद्र से दूरी बनाए रखने के निर्देश
समुद्र में आए इस ऊंचे ज्वार को देखते हुए स्थानीय क्षेत्र के दुकानदारों और कारोबारियों में भी चिंता पैदा हो गई है। दुकानदार अब अपने सामान को सुरक्षित स्थान पर रखने की तैयारी कर रहे हैं, ताकि समुद्री पानी बढ़ने की स्थिति में सामान को नुकसान से बचाया जा सके। समुद्र की लगातार ऊंची लहरों और सुरक्षा दीवार पार कर रहे पानी को देखते हुए स्थानीय प्रशासन अलर्ट पर है। लोगों से समुद्र से दूरी बनाए रखने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

लोगों को सुरक्षित जगहों पर भेजा जा रहा
बता दें कि ओडिशा में लगातार बारिश का दौर जारी है। नदियों का जलस्तर बढ़ने, भूस्खलन होने, बड़े पेड़ उखड़ने, कई इलाकों में जलभराव और घरों को नुकसान पहुंचने के कारण अधिकारियों को कुछ जिलों में स्कूल बंद करने पड़े। एक मंत्री ने बताया कि तटीय राज्य के दक्षिणी और पश्चिमी इलाकों में निचले और भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों में रहने वाले लगभग 14,500 लोगों को 2,061 राहत केंद्रों में पहुंचाया गया है, जहां उन्हें पका हुआ भोजन दिया जा रहा है, जबकि गर्भवती महिलाओं को अस्पतालों में भेजा गया है।