Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
HomeNewsमध्यप्रदेश वेदर रिपोर्ट, राज्य के 11 हिस्सों में हैवी रेन का ऑरेंज...

मध्यप्रदेश वेदर रिपोर्ट, राज्य के 11 हिस्सों में हैवी रेन का ऑरेंज अलर्ट, राजधानी भोपाल में भी तेज बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने राज्य के 11 जिलों में 10 अगस्त को तेज बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जारी चेतावनी के अनुसार, राजधानी भोपाल में भी तेज बारिश की संभावना है।
मध्यप्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो चुका है, जिसके चलते राज्य के कई जिले बारिश से तरबतर हो चुके हैं। अब भारत के मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 10 अगस्त यानी सोमवार को भी मध्यप्रदेश के 11 जिलों में तेज से अति तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग द्वारा जारी वेदर रिपोर्ट के अनुसार, आने वाले 24 घंटे में राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना है और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिसके चलते लोगों को काम होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी गई है। आईएमडी के अनुसार, मध्यप्रदेश में बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव हो गया है और लो प्रेशर एरिया की वजह से प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश हो सकती है।
इन जिलों में तेज बारिश की संभावना
आईएमडी द्वारा जारी वेदर रिपोर्ट के अनुसार, राजधानी भोपाल सहित मध्यप्रदेश के 11 जिलों में तेज बारिश की संभावना है। इन जिलों में रायसेन, भोपाल, राजगढ़, शाजापुर, आगर, सीहोर, देवास, इंदौर, उज्जैन, मंदसौर और रतलाम जैसे जिले शामिल हैं, जहां तेज बारिश की संभावना है। इन जिलों में कहीं तेज तो कहीं अति तेज बारिश हो सकती है, जिसके चलते इन इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

भोपाल और डिंडौरी में स्कूल
डिंडौरी जिले में लगातार हो रही अत्यधिक बारिश और विद्यार्थियों एवं बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने 10 अगस्त 2026, सोमवार को जिले के सभी स्कूलों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। इसके साथ ही सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में भी बच्चों के लिए अवकाश रहेगा।

श्यामपुर में मूसलाधार बारिश से आफत
सीहोर जिले में मानसून आफत बनकर बरस रहा है। जिले की श्यामपुर तहसील सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में बीती रात हुई भीषण और लगातार मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। बारिश के भारी जलभराव के चलते दर्जनों दुकानों और मकानों में कई फीट पानी भर गया, जिससे स्थानीय निवासियों व व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा है। ​रातभर हुई झमाझम बारिश के कारण क्षेत्र की स्थानीय नदियां और बरसाती नाले उफान पर आ गए हैं। जलस्तर बढ़ने से कई मुख्य मार्ग जलमग्न हो गए हैं, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप्प हो गया है। श्यामपुर, अहमदपुर, डोरा और चारनाल समेत कई प्रमुख ग्रामीण इलाकों का जिला व तहसील मुख्यालय से संपर्क टूट गया है।

इन जिलों में मध्यम बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने जहां भोपाल, रायसेन और अन्य जिलों में तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है तो वहीं कुछ जिलों में मध्यम बारिश की संभावना जताई है और येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग द्वारा शिवपुरी, निवाड़ी/ओरछा, गुना, अशोकनगर, विदिशा / उदयगिरि, नीमच, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी / बावनगजा, धार / माण्डू, नर्मदापुरम/पचमढ़ी, नरसिंहपुर, खंडवा / ओंकारेश्वर, खरगोन / महेश्वर, बुरहानपुर, हरदा, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा / पेंच, सिवनी और सागर में सुबह के समय हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

असर और लोगों के लिए जरूरी सलाह
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के चलते निचले क्षेत्रों में जलभराव की समस्या पैदा हो सकती है। नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की भी संभावना है और साथ ही कच्चे और कमजोर मकानों की संरचनाओं को भी नुकसान हो सकता है। इसके अलावा भारी बारिश के चलते जलभराव की स्थिति पैदा हो सकती है और कहीं-कहीं बिजली गिरने की भी घटनाओं की संभावना है। संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके। लोगों से नदी-नालों और पुलों से दूर रहने को भी कहा गया है। बिजली चमकने पर किसी खुले स्थान में न रुकने और कम दृश्यता और फिसलन वाली जगहों पर जाने और वाहन चलाने में सावधानी बरतने की अपील की गई है।