शाहरुख खान और करीना कपूर का गाना ‘डैडी कूल’ रिलीज हो गया है। फैंस ने इस गाने पर खूब प्यार लुटाया है। किसी ने इसे जबरदस्त बताया तो किसी को उनके पुराने हिट गाने ‘चम्मक छल्लो’ और ‘क्रिमिनल’ याद आ गए।
शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ का गाना ‘डैडी कूल’ रिलीज हो गया है, जिसमें शाहरुख खान और करीना कपूर खान की पसंदीदा जोड़ी एक बार फिर साथ नजर आई। इस गाने में शाहरुख खान और करीना कपूर खान 2011 में आई फिल्म ‘रा.वन’ के बाद पहली बार फिर साथ नजर आए। सोशल मीडिया पर इस गाने की चर्चा शुरू हो गई है। फैंस इसे ‘बैंगर’ बता रहे हैं और दोनों की केमिस्ट्री की तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स ने फिल्म के पहले गाने ‘तू मिल जाए’ से इसकी तुलना करते हुए कहा है कि यह नया गाना भी जल्द ही उनकी प्लेलिस्ट का पसंदीदा बन सकता है।
शाहरुख खान का ‘डैडी कूल’ लोगों को आ रहा है पसंद
गाने को शेयर करते हुए शाहरुख ने लिखा, ‘बेबो के साथ वापसी… गाना ओल्ड स्कूल है, लेकिन फिर भी कूल है!’ रिलीज़ होते ही फैंस ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रियाओं की झड़ी लगा दी, जहां कई यूजर्स ने इसे ‘बैंगर’ कहा तो वहीं एक ने लिखा, ‘आप और करीना बहुत हॉट लग रहे हैं।’ अन्य लोगों ने स्क्रीन पर इन दोनों सितारों को फिर से एक साथ देखकर खुशी जताई। एक और फैन ने करीना और शाहरुख की जोड़ी की तारीफ करते हुए कहा, ‘चम्मक छलो’ और ‘क्रिमिनल’ जैसे शानदार गानों के बाद यह ओरिजिनल सुपर जोड़ी ‘डैडी कूल’ के साथ वापस आ गई है।’ दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री की तारीफ करते हुए एक फैन ने ट्वीट किया, ‘शाहरुख और करीना की केमिस्ट्री अभी से सबका ध्यान खींच रही है।’ एक अन्य ने लिखा, ‘शाहरुख और करीना को फिर से एक साथ देखना एक अलग ही एहसास है, दोनों का स्वैग एकदम मजेदार है।
किंग’ का गाना ‘डैडी कूल’ रिलीज
‘डैडी कूल’ शाहरुख की अपकमिंग फिल्म ‘किंग’ का एक जोशीला हिंग्लिश डांस नंबर है। इसमें शाहरुख के साथ करीना भी नजर आएंगी। सचिन-जिगर द्वारा कंपोज किए गए इस गाने में दोनों कलाकार एक खास म्यूजिकल सीक्वेंस के लिए साथ आए हैं, जो कई सालों बाद उनके दोबारा मिलने को दिखाता है। यह गाना ‘बोनी एम’ के 1976 के मशहूर गाने ‘डैडी कूल’ से भी जुड़ा है, जो पुरानी यादें ताजा कर देता है। इसके पहले ‘किंग’ का पहला गाना ‘तू मिल जाए’ रिलीज हुआ था, जिसमें शाहरुख और दीपिका की रोमांटिक केमिस्ट्री देखने को मिली थी।
शाहरुख खान और करीना कपूर ने फिर मचाया धमाल, ‘किंग’ का गाना ‘डैडी कूल’ हुआ रिलीज, केमिस्ट्री ने जीता फैंस का दिल


