Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img

अखिलेश का कांग्रेस को तगड़ा मैसेज, सीट शेयरिंग पर बोले- गठबंधन जीत के लिए, एडजस्टमेंट भी जरूरी

यूपी की सियासत में सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर सीटों का बंटवारा बेहद अहम माना जा रहा है। दोनों पार्टियों के...
HomeNews'राजीव गांधी की सुरक्षा हटाई ताकि उनकी हत्या हो सके', सोनिया गांधी...

‘राजीव गांधी की सुरक्षा हटाई ताकि उनकी हत्या हो सके’, सोनिया गांधी का बड़ा आरोप; राहुल ने भी याद किया दर्दनाक पल

सोनिया गांधी ने आरोप लगाया कि राजीव गांधी की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी, ताकि उनकी हत्या हो सके। राहुल गांधी ने भी पिता की सुरक्षा को लेकर बचपन की चिंता के बारे में बात की।
सोनिया गांधी का आरोप, राजीव गांधी की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी, ताकि उनकी हत्या हो सके।
राहुल ने पिता की सुरक्षा को लेकर बचपन में जताई आशंका का दर्दनाक किस्सा सुनाया।
500 से ज्यादा पन्नों की किताब में भी सोनिया ने कई दर्दनाक यादों का जिक्र नहीं किया।
नई दिल्ली: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि राजीव गांधी की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी, ताकि उनकी हत्या हो सके। सोनिया ने बताया कि राजनीतिक दौरों के दौरान राजीव की सुरक्षा को लेकर उन्हें हमेशा चिंता रहती थी। उन्होंने कई बार इस खतरे के बारे में आगाह भी किया, लेकिन उनकी चिंताओं को गंभीरता से नहीं लिया गया। सोनिया ने ये बातें अपनी किताब Belonging: A Journey of Love पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ बातचीत के दौरान साझा कीं।
राहुल ने पिता की सुरक्षा को लेकर मां से क्या कहा था?
सोनिया गांधी ने राजीव गांधी के विपक्ष के नेता रहने के दौरान उनके राजनीतिक दौरों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि राजीव कई बार खुली जीप में यात्रा करते थे। इन दौरों पर विरोध प्रदर्शन होते थे और कई बार पत्थर भी फेंके जाते थे। सोनिया को खासतौर पर विपक्षी दलों की सरकार वाले राज्यों में राजीव की सुरक्षा को लेकर चिंता होती थी। उनका आरोप है कि सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारी उनकी चिंताओं को पर्याप्त गंभीरता से नहीं लेते थे। राहुल गांधी भी अपने पिता के साथ उस दौरे पर गए थे। उन्होंने विरोध प्रदर्शन और पत्थरबाजी देखी थी। सोनिया के मुताबिक, घर लौटने के बाद राहुल ने उनसे कहा था,

‘मम्मा, अगर हम पापा की सुरक्षा के लिए कुछ नहीं करेंगे, तो मुझे लगता है कि मुझे जल्द ही उनके अंतिम संस्कार के लिए आना पड़ेगा।’

बिहार का दौरा क्यों बना सुरक्षा को लेकर निर्णायक मोड़?
सोनिया गांधी ने बताया कि बिहार का दौरा उनकी चिंताओं को और गहरा करने वाला साबित हुआ। हालांकि, राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर वह इससे पहले भी परेशान थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि राजीव की सुरक्षा व्यवस्था हटाने का फैसला कोई संयोग नहीं था, बल्कि जानबूझकर लिया गया था। सोनिया ने कहा,

‘सुरक्षा हटा दी गई, ताकि उनकी हत्या हो सके। उनकी सुरक्षा हटाना कोई दुर्घटना नहीं थी। ऐसा जानबूझकर किया गया था, ताकि उनकी हत्या हो जाए।’

यह आरोप उन्होंने राहुल और प्रियंका के साथ बातचीत में लगाया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया गया।

इटली से भारत आने तक का सफर, परिवार के साथ यादें कैसी थीं?
सोनिया, राहुल और प्रियंका के बीच करीब 23 मिनट की बातचीत में उनकी जिंदगी के कई हिस्सों पर चर्चा हुई। इसमें इटली में बचपन बिताने से लेकर भारत आने, परिवार के रिश्तों और राजनीति में उनके अनुभवों तक की बातें शामिल थीं। बातचीत के दौरान राहुल ने एक तस्वीर दिखाई, जिसमें राजीव गांधी सोनिया से शादी करने की अनुमति लेने उनके पिता के पास गए थे। सोनिया ने बताया कि एक अलग संस्कृति, भाषा और रहन-सहन वाले देश में बसना उनके लिए आसान नहीं था। भारत आने के बाद उन्हें कई ऐसी चीजों का सामना करना पड़ा, जो उनके लिए नई और हैरान करने वाली थीं।
सोनिया की मां भारत आने के बाद किस बात से भावुक हो गई थीं?
बातचीत में सोनिया गांधी की मां का भी जिक्र हुआ। प्रियंका गांधी वाड्रा ने बताया कि उनकी नानी बहुत मिलनसार थीं। भाषा अलग होने के बावजूद वह लोगों से दोस्ती कर लेती थीं। प्रियंका ने यह भी याद किया कि उन्होंने अपनी नानी से इटली के कई व्यंजन बनाना सीखा था। प्रियंका ने एक भावुक पल भी साझा किया। उन्होंने बताया कि एक बार उनकी नानी रो पड़ी थीं। उन्हें महसूस हुआ कि उनकी बेटी इटली की जड़ों से इतनी दूर चली गई है कि पूरी तरह भारतीय बन चुकी है। बता दें कि सोनिया की किताब पर आधारित एक तेलुगु फिल्म भी बनेगी जिसका ऐलान एक कांग्रेस नेता ने किया है।

सोनिया गांधी ने किताब में कौन-सी दर्दनाक बातें छोड़ दीं?
बातचीत के ‘What’s Not in the Book?’ यानी ‘किताब में क्या नहीं है?’ वाले हिस्से में राहुल गांधी ने कहा कि उनकी मां ने उन अनुभवों को जानबूझकर किताब में शामिल नहीं किया, जिनमें लोगों का उनके प्रति व्यवहार और समय के साथ बदलते रवैये की बात थी। राहुल ने कहा कि उनकी मां को कई मौकों पर बुरी तरह प्रताड़ित किया गया, अपमानित किया गया और उनके साथ दुर्व्यवहार हुआ। लेकिन उन्होंने इन घटनाओं को किताब में विस्तार से लिखने से बचने का फैसला किया। राहुल के मुताबिक, ऐसा शायद उनकी मां के दयालु स्वभाव की वजह से किया गया।