बैतूल में शराब छुड़वाने के नाम पर 7 लोगों को जहरीला जूस पिलाया गया। जड़ी-बूटी का घोल पीने से 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोगों की हालत गंभीर हैं। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मध्य प्रदेश के बैतूल में शराब छुड़वाने के नाम पर ओझा द्वारा पानी में मिलाकर दी गई जड़ी-बूटी जानलेवा साबित हुई। इस जहरीले पानी के सेवन से 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लोग गंभीर रूप से बीमार होकर अस्पताल में भर्ती हैं। सूचना मिलने पर डीआईजी बीरेंद्र कुमार सिंह एवं एसपी अमित सक्सेना स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर कैंप कर रहे हैं। वे पूरे घटनाक्रम, पीड़ितों के उपचार एवं पुलिस कार्रवाई पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। इस मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
लाल रंग का तरल पदार्थ गिलास में भरकर पिलाया
पुलिस विभाग बैतूल के जनसंपर्क अधिकारी आबिद अंसारी ने बताया कि बैतूल जिले के चिचोली विकासखंड के ग्राम पाठाखेड़ा में रमेश उइके और ओझा परते द्वारा लोगों को शराब छुड़ाने की दवा देने का दावा किया जाता था। इसी क्रम में 18 नवंबर को कुछ लोगों को उनके यहां लाल रंग का तरल पदार्थ गिलास में भरकर पिलाया गया। अलग-अलग व्यक्तियों को एक से दो गिलास तक उक्त पदार्थ पिलाया गया था। उक्त पदार्थ के सेवन के बाद कई व्यक्तियों की तबीयत बिगड़ गई। इस घटना में अब तक 2 व्यक्तियों की मृत्यु हो चुकी है, जबकि पांच अन्य व्यक्ति अस्वस्थ हुए हैं।
इन लोगों की मौत, इनकी हालत गंभीर
इस घटना में रामकिशोर पिता सेवाराम झाड़े (35) निवासी ग्राम देहगुड़ आठनेर और संजय पिता बब्बू उइके (22) निवासी ग्राम इमलीढाना चिचोली की मौत हुई है। वहीं, अस्वस्थ हुए लोगों में मोहन पिता दशरथ (30) निवासी ग्राम देहगुड़, विजय पिता बब्बू उइके (26) ग्राम इमलीढाना, एक 17 वर्षीय किशोर निवासी ग्राम इमलीढाना, रामदास पिता वासुदेव (36) निवासी ग्राम केलबेहरा और सहदेव इवने (50) निवासी ग्राम केलबेहरा आठनेर शामिल हैं।
इन सभी को प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिचोली से जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
3 आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
मृतक रामकिशोर झाड़े के भाई फरियादी शिवकिशोर झाड़े की रिपोर्ट पर थाना चिचोली में धारा 105, 286, 3(5) बीएनएस के अंतर्गत तीन आरोपियों रमेश उइके, ओझा परते और शरद कावड़े को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त संदिग्ध तरल पदार्थ भी जब्त किया गया है। पदार्थ की प्रकृति एवं उसमें मौजूद तत्वों की पुष्टि के लिए आवश्यक जांच कराई जा रही है। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
स्वास्थ्य टीमों को किया गया अलर्ट
बैतूल के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव शर्मा ने बताया कि बीएमओ डॉ. अभिनव शुक्ला के माध्यम से घटना की सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद तुरंत प्रभाव से मरीजों के पेट की धुलाई (स्टमक वॉश) और आवश्यक आईवी फ्लूड़इस के साथ प्राथमिक उपचार शुरू किया गया। प्रशासनिक स्तर पर एहतियात के तौर पर आठनेर विकासखंड के देहगुड़ गांव और सारणी क्षेत्र में स्वास्थ्य टीमों को अलर्ट कर दिया गया है। घर-घर जाकर यह सर्वे किया गया।


